ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पुलिस लाइन के निर्माण में लेटलतीफी पर डीएम-एसपी नाराज, समयसीमा में काम पूर्ण करने के दिए निर्देश

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सोमवार को निर्माणाधीन पुलिस लाइन और आवासीय भवनों का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और मौके पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया। अपेक्षित गति से काम आगे नहीं बढ़ने पर अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था के प्रति नाराजगी जताई और निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने निर्माणाधीन भवनों के विभिन्न हिस्सों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण की समयसीमा और अब तक हुई प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की।

अधिकारियों ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यकतानुसार मजदूरों की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

 

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग और संबंधित तकनीकी अधिकारियों को निर्माण सामग्री की नियमित रूप से सैंपलिंग और टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण में उपयोग होने वाली प्रत्येक सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता वाली होनी चाहिए। कार्य की गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

डीएम और एसपी ने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्य को लेकर किसी प्रकार की शिकायत सामने आती है तो उसकी जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

अधिकारियों ने निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग और विभागीय समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता सहित लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!