
चंदौली। मंगलवार को मौसम के बिगड़े मिजाज के बीच शहाबगंज क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से हड़कंप मच गया। वज्रपात की घटनाओं में एक गर्भवती भैंस की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया में भर्ती कराया गया है।
पालपुर ग्राम सभा के राजस्व गांव गयापुर निवासी लोकनाथ पुत्र रामदीप की गर्भवती भैंस आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। वज्रपात इतना तेज था कि भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर लेखपाल राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नियमानुसार भैंस का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
वहीं, रामशाला और खोजापुर गांव में भी वज्रपात की घटनाएं हुईं। रामशाला निवासी भृगुनाथ विश्वकर्मा (58) तथा खोजापुर निवासी लीलावती (28), सोनी देवी (38) और छाया (29) आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए। सभी का संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया में उपचार चल रहा है।
इसके अलावा रसिया क्षेत्र के बंगालीपुर नहर के समीप रहने वाले एक परिवार की बकरियों के भी वज्रपात की चपेट में आने की सूचना है। हालांकि, बकरियों की संख्या और उनके मालिक के संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

