चंदौलीराज्य/जिला

सभासद आरती यादव ने सपा महिला सभा नगर अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

चंदौली। समाजवादी पार्टी महिला सभा मुगलसराय नगर अध्यक्ष पद से आरती यादव ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 11 अगस्त को पार्टी नेतृत्व को भेजे पत्र में अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की।

आरती यादव ने पत्र में कहा कि पार्टी ने उन्हें केवल एक संगठन नहीं, बल्कि वंचित जनता के बीच काम करने की जिम्मेदारी दी थी। हालांकि उनका आरोप है कि जब-जब पार्टी की बैठक या कार्यक्रम होता है, तब जिला महासचिव और विधानसभा अध्यक्ष द्वारा कई वर्षों से नजरअंदाज किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी उपस्थिति को जरूरी नहीं समझा जाता, जिससे यह पद केवल नाम तक सीमित रह गया है।

उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी को विशेषकर महिला कार्यकर्ताओं को अवसर देना चाहिए। आरती यादव के अनुसार, उपेक्षा के कारण संगठन कमजोर पड़ता है और पार्टी को भी नुकसान होता है।

इसी क्रम में उन्होंने समाजवादी पार्टी की नगर अध्यक्ष पद से इस्तीफा देते हुए कहा कि अब वह पार्टी की साधारण कार्यकर्ता के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी। उन्होंने अपने पत्र में समाजवादी विचारधारा पर चलते हुए पार्टी की मजबूती और जनता के हित में काम करने की बात कही।

Back to top button
error: Content is protected !!