
चंदौली। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने एक बार फिर काशीनाथ सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें चंदौली का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी पुनर्नियुक्ति की घोषणा होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
पार्टी सूत्रों के अनुसार काशीनाथ सिंह को दोबारा जिलाध्यक्ष बनाए जाने में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अहम भूमिका रही है। बताया जा रहा है कि काशीनाथ सिंह रक्षा मंत्री के करीबी माने जाते हैं, जिसके चलते शीर्ष नेतृत्व ने उन पर फिर से विश्वास जताया है। हालांकि चर्चा रही कि चुनाव प्रभारी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अपने किसी चहेते की ताजपोशी करने के इच्छुक थे।
चकिया तहसील के रघुनाथपुर गांव निवासी काशीनाथ सिंह लंबे समय से भाजपा संगठन के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उनकी सरल कार्यशैली और व्यवहार कुशलता ने कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पहचान बनाई है।
प्रदेश में अन्य जिलाध्यक्षों की नियुक्तियों के बाद से चंदौली में भी जिलाध्यक्ष पद को लेकर चर्चाएं तेज थीं। उनके कार्यकाल को लेकर पार्टी के भीतर कई तरह के सवाल भी उठे, लेकिन अंततः पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर उनके नाम पर मुहर लगा दी।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शिवराज सिंह ने कहा कि काशीनाथ सिंह ने अपने कार्यकाल में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी पुनर्नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

