
चंदौली। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने जनपद चंदौली समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार चंदौली में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों के दौरान यह गति बढ़कर 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक होने की संभावना है।
मौसम विभाग की चेतावनी में वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर और अलीगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है।
संभावित तूफान और तेज हवाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि आंधी के दौरान लोग सुरक्षित भवनों के भीतर रहें और पेड़ों, बिजली के खंभों तथा बड़े होर्डिंग्स के नीचे खड़े होने से बचें।
प्रशासन ने कच्चे मकानों और टीन-शेड में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही मोबाइल फोन चार्ज रखने, टॉर्च की व्यवस्था करने और बिजली के उपकरण बंद रखने को कहा गया है।
अधिकारियों ने लोगों से तूफानी मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने, खुले मैदानों और जल स्रोतों से दूर रहने तथा सोशल मीडिया पर अपुष्ट संदेश साझा न करने की अपील की है।

