
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के चकिया-मुगलसराय मार्ग पर मनोहरपुर मोड़ के समीप गुरुवार की शाम हौसलाबुलंद बदमाशों ने दुकान बंद कर घर जा रहे सराफा व्यवसायी को गोली मार दी। वहीं चांदी भरा बैग लूटकर फरार हो गए। गोली व्यापारी के हाथ में लगी है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायल व्यापारी को अस्पताल में भर्ती कराया। व्यापारी के साथ 10 दिन पहले भी पाउडर फेंककर लूट की घटना हुई थी। एसपी की हनक बेअसर साबित हो रही। आपराधिक घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
अलीनगर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव निवासी सुजीत सेठ अपनी दुकान बंदकर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मनोहरपुर मोड़ के समीप पहुंचे, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने ओवरटेक करके उन्हें रोकने की कोशिश की। बदमाशों ने इसी दौरान गोली चला दी। गोली सर्राफा व्यवसायी के हाथ में लगी। इससे वे लड़खड़ाकर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश उनका बैग लेकर फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल व्यापारी को अस्पताल भेजवाया। व्यापारी के साथ पहले भी लूट की बात सामने आ रही है। बदमाशों ने पाउडर फेंककर उनसे लूट की घटना को अंजाम दिया था। एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि व्यापारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। पहले हुई घटना की भी जानकारी मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

