क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

चंदौलीः मनाने को दौड़ता रहा पति, पत्नी ने उफनाई बंधी में लगा दी मौत की छलांग

चंदौली। पति-पत्नी के बीच ऐसा झगड़ा हुआ कि गुस्साई पत्नी ने जान ही दे दी। घटना चकरघट्टा थाना क्षेत्र के बैरगाढ़ गांव की है। पति-पत्नी में शुक्रवार को झगड़ा हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि पत्नी ने गांव के समीप स्थित नउवानार बंधी में कूदकर जान दे दी। आत्मघाती कदम उठाने जा रही महिला को मनाने के लिए पति और ग्रामीण पीछे-पीछे दौड़ते रहे। लेकिन पत्नी नहीं मानी। काफी मशक्कत के बाद विवाहिता का शव बाहर निकाला गया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई में जुटी रही।

बैरगाढ़ गांव निवासी भगवानदास मौर्य (23) और पत्नी उषा (21) में शुक्रवार की सुबह झगड़ा हुआ था। परिवार के लोगों ने समझाकर शांत कराया दिया। इसके बाद पति सोनभद्र चला गया था। शाम को वापस आया तो दंपती में दोबारा झगड़ा शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि पत्नी जान देने के लिए घर से निकल गई। इसकी जानकारी होते ही पति उसके पीछे दौड़ने लगा। ग्रामीणों को जानकारी हुई तो पति के पीछे दौड़ पड़े। आगे भाग रही महिला को चिल्ला-चिल्लाकर काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन उषा नहीं मानी और आव देखा न ताव सीधे बंधी में कूद गई। कई लोग उसे बचाने के लिए बंधी में कूदे, लेकिन पानी अधिक होने की वजह से बचाया नहीं जा सका। कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह शव को बाहर निकाला गया। थानाध्यक्ष दीनदयाल पांडेय ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!