चंदौली। जिले के शहाबगंज में स्थित आस्था क्लिनिक को शनिवार को उपजिलाधिकारी दिव्या ओझा ने सील कर दिया। यह कार्रवाई शुक्रवार देर शाम प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के बाद की गई। मृतक के परिजनों ने अस्पताल की संचालिका पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। परिजनों का कहना रहा कि अस्पताल अवैध रूप से संचालित हो रहा था और वहां चिकित्सा सुविधाओं का अभाव था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल को सीज कर दिया। साथ ही, वहां मौजूद चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि क्षेत्र के सभी अवैध रूप से संचालित अस्पतालों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए। कुछ माह पहले स्वास्थ्य विभाग ने इसी अस्पताल को सील किया था। इसके बावजूद क्लिनिक दोबारा से कैसे संचालित हुआ, इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाया।
अस्पताल सील के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी तैनात थे। यह घटना स्वास्थ्य सेवाओं में हो रही अनियमितताओं को उजागर करती है और प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।