क्राइमचंदौली

घर में सो रही 12 वर्षीय बच्ची को सर्प ने डसा, मौत से परिवार में मातम

 

संवाददाता:  बाबू चौहान

चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के केराडीह गांव में मंगलवार की रात सर्पदंश से 12 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतका अपने पिता की इकलौती बेटी थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

केराडीह गांव निवासी बाल लखनदर पुत्र स्वर्गीय मोती की 12 वर्षीय पुत्री शिवानी मंगलवार रात घर में सो रही थी। इसी दौरान जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। जानकारी होते ही परिजन आनन-फानन में बच्ची को इलाज के लिए चकिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि बाल लखनदर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं। शिवानी उनकी इकलौती बेटी थी। बेटी की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

ग्रामीणों ने आर्थिक सहायता की मांग की

इकलौती बेटी की मौत और परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन एवं सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मजदूरी पर निर्भर परिवार के लिए इस कठिन समय में सरकारी मदद बड़ी राहत साबित हो सकती है।

Back to top button
error: Content is protected !!