ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: तालाब में डूबने से ऑटो चालक की मौत, सुबह उतराया मिला शव; परिवार में मचा कोहराम

अलीनगर के लाखापुर गांव में बुधवार देर शाम शौच के लिए तालाब किनारे गया था युवक, गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने देखा शव; गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के लाखापुर गांव में तालाब में डूबने से 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बुधवार देर शाम शौच के लिए तालाब किनारे गया युवक गहरे पानी में डूब गया। गुरुवार सुबह तालाब में उसका शव उतराया मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

लाखापुर गांव निवासी स्वर्गीय फौजदार गिरी के पुत्र रविशंकर गिरी (34) बुधवार की देर शाम शौच के लिए गांव के तालाब की ओर गए थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। देर रात तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई, लेकिन घटना की जानकारी गुरुवार सुबह तब हुई, जब ग्रामीणों ने तालाब में एक युवक का शव उतराया देखा।

 

ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिवार के सदस्यों ने शव की पहचान रविशंकर गिरी के रूप में की। शव देखते ही परिजन बिलख पड़े। घटना की सूचना मिलने पर अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

 

बताया जाता है कि रविशंकर बेहद गरीब परिवार से थे। वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार की आजीविका का सहारा होने के कारण उनकी मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के मुताबिक रविशंकर मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। गांव में हर किसी से उनका अच्छा व्यवहार था। उनकी अचानक मौत की खबर से ग्रामीण स्तब्ध हैं।

 

घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मदद उपलब्ध कराने की मांग की है।

Back to top button
error: Content is protected !!