
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के गंगा घाट पर शुक्रवार को अंतिम संस्कार में शामिल होने आए 30 वर्षीय युवक की स्नान करते समय गहरे पानी में डूबने से तलाश शुरू कर दी गई। हादसे की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुल्तानपुर गांव निवासी लवकुश राम (30) पुत्र महेंद्र राम अपने रिश्तेदार तीजा देवी पत्नी उदल राम के अंतिम संस्कार में शामिल होने बलुआ गंगा घाट पहुंचा था। दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह अन्य लोगों के साथ गंगा में स्नान करने चला गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। समाचार लिखे जाने तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका था।
लवकुश मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी पत्नी किरन देवी, चार वर्षीय बेटे और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। बलुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई जा रही है।

