ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: स्थायी फल-सब्जी मंडी और वेंडिंग जोन की मांग, विक्रेताओं ने दी आंदोलन की चेतावनी

चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। सब्जी मंडी क्षेत्र में फल एवं सब्जी विक्रेताओं की समस्याओं और स्थायी व्यवस्था की मांग को लेकर गुरुवार को एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने व्यवसायियों के साथ बैठक की। इसमें स्थायी फल-सब्जी मंडी, वेंडिंग जोन और नो-एंट्री में कच्चे माल के वाहनों को छूट देने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। विक्रेताओं ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी।

 

बैठक में एसडीएम ने विक्रेताओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि व्यवसायियों को उचित स्थान उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन की ओर से जमीनों का निरीक्षण किया गया है। विक्रेताओं के सुझावों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा जाएगा। समस्या के समाधान के लिए जल्द ही उपयुक्त निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।

 

एसडीएम ने व्यवसायियों से आंदोलन नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर है और हरसंभव प्रयास कर रहा है।

 

तीन प्रमुख मांगों पर अड़े विक्रेता

फल एवं सब्जी व्यवसायी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी नारायण प्रसाद सोनकर ने कहा कि व्यापारी पिछले करीब 20 वर्षों से स्थायी मंडी और वेंडिंग जोन की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

 

उन्होंने कहा कि विक्रेताओं की तीन प्रमुख मांगें हैं। पहली, स्थायी फल-सब्जी मंडी की स्थापना हो। दूसरी, विक्रेताओं के लिए व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनाया जाए। तीसरी, कच्चे माल को नो-एंट्री से मुक्त किया जाए, जिससे फल-सब्जी की आपूर्ति प्रभावित न हो।

 

उन्होंने कहा कि विक्रेता रोजमर्रा की आजीविका के लिए कारोबार करते हैं। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने के कारण अब आंदोलन करना उनकी मजबूरी बन गया है। मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।

 

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विष्णु प्रसाद सोनकर, महामंत्री बृजमोहन प्रसाद सोनकर, मंत्री बिल्लू सरदार, मीडिया प्रभारी मनोज जायसवाल सहित बड़ी संख्या में फल-सब्जी विक्रेता और व्यवसायी मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!