ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: कोयला लदे ट्रक से लूटकांड का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने घोषित किया था 50 हजार का इनाम

सैयदराजा पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, लूट के मामले में 2024 से था वांछित

 चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र में कोयला लदे ट्रक की लूट के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सैयदराजा पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार को आरोपी सलमान को चंदौली कचहरी के पास से हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

पुलिस के मुताबिक, 27 नवंबर 2024 को इम्तेयाज खान निवासी डेहरी, जिला रोहतास, बिहार ने सैयदराजा थाने में तहरीर दी थी। इसमें बताया गया कि ट्रक संख्या BR01GF8742 पर 25 टन कोयला लादकर चालक इम्तेयाज खान और खलासी राजू सिंह डेहरी से सीतापुर के लिए रवाना हुए थे।

 

28 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे ट्रक के चालक के भाई सफीक खान ने फोन कर सूचना दी कि बगही कुम्भापुर, थाना सैयदराजा क्षेत्र से कोयला लदा ट्रक लूट लिया गया है। काफी खोजबीन के बाद भी ट्रक नहीं मिला। इसके बाद वादी ने चालक और खलासी पर ही ट्रक लूटने का संदेह जताया।

 

तहरीर के आधार पर सैयदराजा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 216/2024 के तहत बीएनएस की धारा 310(2), 317(3), 317(5) और 61(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम स्वाट-सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चंदौली कचहरी के पास से सलमान को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलमान (22), पुत्र अब्दुल मजीद, निवासी ग्राम मरखामऊ, थाना मऊआइमा, जिला प्रयागराज के रूप में हुई है।

 

पुलिस के अनुसार, सलमान के खिलाफ प्रयागराज, जौनपुर और चंदौली के विभिन्न थानों में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, कांस्टेबल विजय त्रिपाठी, कांस्टेबल रनवीर सिंह तथा स्वाट प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव और सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा अपनी टीमों के साथ शामिल रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!