ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: रामगढ़ में धूमधाम से मनी बाबा कीनाराम की छठ्ठी, सोहर गीतों से गूंजा मठ परिसर

चंदौली। अघोराचार्य बाबा कीनाराम की जन्मस्थली और तपस्थली रामगढ़ में गुरुवार को भाद्र शुक्ल पक्ष की लोलार्क षष्ठी पर छठ्ठी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रीय श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन में शामिल होकर बाबा कीनाराम का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मठ परिसर में दिनभर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

 

कार्यक्रम का आयोजन बाबा कीनाराम मठ के व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह की देखरेख में हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान बाबा की गद्दी पर नए वस्त्र अर्पित किए गए। इसके बाद विधि-विधान से हवन-पूजन किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच बाबा की आरती उतारी गई। इस दौरान श्रद्धालुओं के गगनभेदी जयकारों से पूरा मठ परिसर गुंजायमान हो उठा।

 

सोहर गीतों से भक्तिमय हुआ वातावरण

छठ्ठी पर्व के अवसर पर ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक सोहर गीत प्रस्तुत किए। गीतों के माध्यम से बाबा की महिमा का गुणगान किया गया। महिलाओं के सामूहिक गायन से धार्मिक आयोजन का माहौल और भी भक्तिमय हो गया।

 

बाबा कीनाराम की पवित्र जन्मस्थली और तपस्थली पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर स्वयं को धन्य महसूस किया। ग्रामीणों और क्षेत्रीय भक्तों की सहभागिता से आयोजन में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

 

निस्वार्थ भाव से समाजसेवा का दिया संदेश

मठ व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को निस्वार्थ भाव से बाबा कीनाराम के पदचिह्नों पर चलकर समाज और क्षेत्र को नई दिशा देने का प्रयास करना चाहिए। इसी में सभी का कल्याण निहित है।

 

इस अवसर पर मेजर अशोक सिंह, कुलदीप वर्मा, मिथिलेश सिंह, अरविंद सिंह, धनंजय सिंह, प्रभुनारायण उर्फ लल्ला सिंह, हेमराज सिंह, शशि सिंह, अरुण सिंह, रणधीर सिंह, रुद्र प्रताप, अशोक मौर्या, अभय पीके, देवदत्त, फग्गू, अमृत, संतोष पटेल, बिहारी और प्यारे सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!