
- रेमा गांव में दो परिवारों के बीच मारपीट के दौरान हुआ था हमला, ट्रामा सेंटर में तोड़ा दम; पत्नी की तहरीर पर दो के खिलाफ मुकदमा
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के रेमा गांव में बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया। बुधवार शाम हुई मारपीट के दौरान चाकू से हमला किए जाने में गंभीर रूप से घायल सब्जी विक्रेता बबलू सोनकर (30) की गुरुवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने सुबह करीब सात बजे ट्रामा सेंटर में अंतिम सांस ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी आरती सोनकर और दोनों मासूम बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बबलू सोनकर ठेले पर सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी आरती सोनकर (28) बबुरी की निवासी हैं। दंपती की दो बेटियां हैं, जिनमें रितिका पांच वर्ष की है, जबकि छोटी बेटी की उम्र साढ़े तीन वर्ष है। बबलू की पहली पत्नी के बाद आरती से दूसरी शादी हुई थी।
बच्चों के विवाद के बाद आमने-सामने आए परिवार
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत मंगलवार को बच्चों के बीच हुई कहासुनी से हुई थी। इसके बाद बुधवार शाम दोनों पक्षों के बड़े आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान बबलू सोनकर पर चाकू से हमला किए जाने का आरोप है। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।
पत्नी की तहरीर पर दो के खिलाफ मुकदमा
युवक की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। सर सुंदरलाल अस्पताल में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। पुलिस घटना के कारणों और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
बबलू की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ठेले पर सब्जी बेचकर घर चलाने वाले बबलू की दो छोटी बेटियां अब पिता के स्नेह से वंचित हो गई हैं। घटना के बाद पत्नी आरती और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।

