
चंदौली। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हुआ। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की समीक्षा बैठक के साथ प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं तथा रिपोर्टिंग से जुड़ी जानकारी दी गई।
बैठक में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी ‘जनसंख्या की गणना’ (पॉपुलेशन एन्यूमरेशन) की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी चार्ज अधिकारी, तकनीकी सहायक और गणना सहायक क्षेत्र में पूरी पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ आंकड़ों का संकलन करें। निर्धारित समयसीमा के भीतर द्वितीय चरण के सभी मानकों और प्रारूपों को पूरा किया जाए। प्रशिक्षण के दौरान बताई गई प्रक्रियाओं और बारीकियों को फील्ड में सही तरीके से लागू करने पर भी जोर दिया गया।
तकनीकी ऐप और रिपोर्टिंग प्रक्रिया की जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान जिला प्रभारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना के निर्धारित मानकों, तकनीकी ऐप्स के उपयोग और रिपोर्टिंग प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उद्देश्य यह रहा कि गणना के दौरान किसी तरह की तकनीकी या व्यावहारिक समस्या न आए और आंकड़ों का संकलन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जा सके। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों से अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने पर भी बल दिया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, समस्त चार्ज अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारी तथा तकनीकी और जनगणना सहायक उपस्थित रहे।

