
चंदौली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘जल, जन एवं सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष’ के तहत वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक 2300 किलोमीटर की सेवा संकल्प बाइक यात्रा शुरू हुई। 17 सितंबर को सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसमें चंदौली जिले के भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नौ कार्यकर्ता भी शामिल हैं।
आयोजकों के अनुसार, यात्रा को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने हरी झंडी दिखाई। करीब 20 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 7 अक्टूबर को गुजरात के वडनगर पहुंचेगी।
10 मार्गों से वडनगर पहुंचेंगे सेवा यात्री
अभियान के तहत लगभग 250 बाइकों पर सवार 500 सेवा यात्री 10 अलग-अलग मार्गों से गुजरात पहुंचेंगे। चंदौली के कार्यकर्ता रूट नंबर-9 ‘मां वरुणा सेवा यात्री’ के रूप में यात्रा में भाग ले रहे हैं। यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री की जन्मभूमि वडनगर और उनकी कर्मभूमि से जुड़े सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाना तथा जन्मभूमि और कर्मभूमि को जोड़ने का संदेश देना है।
गांवों में संवाद कर देंगे सेवा का संदेश
यात्रा के दौरान सेवा यात्री विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में आमजन से संवाद करेंगे। इसके साथ ही सेवा, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाएंगे। अलग-अलग क्षेत्रों की भाषा, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक जीवन को करीब से जानने का भी प्रयास किया जाएगा।
आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में नौ कार्यकर्ता
चंदौली से यात्रा का नेतृत्व आशुतोष तिवारी हर्षित और आलोक सिंह कर रहे हैं। इनके साथ अंकित पांडेय, अवनीश पांडेय, उत्कर्ष श्रीवास्तव, सचिन यादव, सूर्यांश सिंह, दीपक गुप्ता और शैलेन्द्र सिंह शामिल हैं।

