
चंदौली। डिजिटल लेनदेन पर शुल्क लगाए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली ने शुक्रवार को जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘पे टू एम मतलब पे टू मोदी’ का नारा लगाते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें यूपीआई भुगतान व्यवस्था पर प्रस्तावित शुल्क को वापस लेने की मांग की गई।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था को सरल, सुलभ और आम नागरिकों के साथ छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के हित में बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से आम लोगों और व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। कांग्रेस ने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप कर यूपीआई पर शुल्क लगाने संबंधी व्यवस्था वापस कराने की मांग की।
व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ की जताई चिंता
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि महंगाई और आर्थिक परेशानियों के बीच डिजिटल भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की चर्चा से व्यापारियों में चिंता है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से छोटे और मध्यम व्यापारियों की लागत बढ़ने की आशंका है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दो हजार रुपये से अधिक के कुछ व्यक्ति-से-व्यापारी (पी2एम) डिजिटल लेनदेन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) लागू किए जाने संबंधी प्रावधानों को लेकर व्यापारिक संगठनों ने आपत्तियां जताई हैं। उनका कहना था कि इस तरह के शुल्क का अप्रत्यक्ष प्रभाव ग्राहकों पर भी पड़ सकता है।
शुल्क वापस लेने की मांग
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने मांग की कि सरकार डिजिटल भुगतान व्यवस्था को आम लोगों के लिए सहज बनाए रखे और प्रस्तावित शुल्क संबंधी प्रावधानों पर पुनर्विचार करे। पार्टी नेताओं ने इसे आम नागरिकों और व्यापारियों के हितों से जुड़ा मुद्दा बताया।
कार्यक्रम में बृजेश गुप्ता, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, राजेंद्र गौतम, सतीश बिंद, गंगा प्रसाद, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, दयाराम पटेल, तौसीफ, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, नवीन पांडेय, शिवेंद्र मिश्रा, शिव तपस्या तिवारी, राधेश्याम यदुवंशी, श्रीकांत पाठक, दीनदयाल विश्वकर्मा, प्रेमचंद गुप्ता, अमरदेव राम, रामौतार यादव, राकेश सिंह, राकेश पाठक, असगर अली, प्रकाश शर्मा, विकास खरवार, शमशेर खान, भोला खरवार और संतोष चौबे सहित सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

