
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के महेवा गांव स्थित नहर में हत्या के बाद फेंके गए शव की गुत्थी पुलिस ने तकरीबन सुलझा ली है। अवैध संबंधों के चलते मुगलसराय थाना अंतर्गत महादेवपुर निवासी 38 वर्षीय युवक राजेश पुत्र रघुनाथ की हत्या की गई थी। इस जघन्य वारदात के पीछे मृतक की पत्नी की संलिप्तता भी सामने आई है। उसी के कहने पर प्रेमी ने अपने साथी के साथ मिलकर राजेश की हत्या की और शव को नहर में फेंक दिया। सूत्रों की माने तो पुलिस आरोपियों तक पहुंच चुकी है और कभी भी घटना का खुलासा कर सकती है।
सूत्रों के अनुसार महादेवपुर निवासी राजेश की पत्नी के दूसरे गांव के एक युवक के साथ अवैध संबंध थे। राजेश को इस बात की जानकारी हुई तो उसने पत्नी को समझाना चाहा। इसी को लेकर पति पत्नी के बीच विवाद होने लगा। झगड़े बढ़ने लगे और राजेश अवैध संबंधों के बीच रोड़ा बनने लगा तो उसकी पत्नी और प्रेमी ने उसे रास्ते से हमेशा के लिए हटाने का प्लान बनाया। आरोपी ने बात करने के बहाने राजेश को महेवा गांव स्थित नहर पर बुलाया। जहां उसने अपने साथी के साथ मिलकर चाकू से राजेश का गला रेत दिया और शव को नहर में फेंक दिया। चाकू उसने दो दिन पहले ही खरीदा था। बहरहाल पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में घटना का राजफाश कर दिया।

