ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: खोया मोबाइल मिला तो दोगुनी हुई दीपावली की खुशियां, चंदौली पुलिस ने लौटाए 111 फोन, खिले लोगों के चेहरे

चंदौली। किसी का मोबाइल महीनों पहले खो गया था तो किसी की उम्मीद थी कि शायद अब वह कभी वापस नहीं मिलेगा। लेकिन दीपावली के त्योहार पर चंदौली पुलिस ने ऐसे लोगों को खुशियों की सौगात दी। खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलने से लोगों की दीपावली की खुशियां दोगुनी हो गईं। पुलिस ने तकनीकी मदद से 111 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर शनिवार को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। अपना खोया मोबाइल हाथ में आते ही लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना की।

 

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद मोबाइल उनके स्वामियों को वितरित किए। बरामद 111 मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 33 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। एसपी ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान मोबाइल गुम होने से संबंधित प्राप्त प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइलों की तलाश कराने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बाद जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम ने तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइलों को ट्रेस करने का अभियान चलाया। लगातार प्रयास के बाद अलग-अलग स्थानों से 111 मोबाइल बरामद किए गए।

 

मुगलसराय और सकलडीहा से सबसे ज्यादा मोबाइल बरामद

थानावार बरामदगी में मुगलसराय से 22, सकलडीहा से 19, चंदौली से 16, चकिया से 12, बबुरी से नौ, चकरघट्टा से सात, शहाबगंज से छह, धानापुर और धीना से चार-चार, कंदवा से चार, इलिया और सैयदराजा से तीन-तीन तथा बलुआ और नौगढ़ से एक-एक मोबाइल बरामद किया गया।

इस साल 1.85 करोड़ के 630 मोबाइल लौटाए

चंदौली पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक छह चरणों में कुल 630 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 85 लाख 10 हजार रुपये है। पुलिस के मुताबिक 3 मार्च को 75, 20 अप्रैल को 121, तीन जून को 111, 28 जुलाई को 111, आठ सितंबर को 101 और सात नवंबर को 111 मोबाइल वितरित किए गए।

मोबाइल बरामदगी अभियान में स्वाट प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा सहित स्वाट और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

मोबाइल खोने पर CEIR पोर्टल पर करें शिकायत

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल संचार साथी की आधिकारिक वेबसाइट www.sancharsaathi.gov.in पर CEIR पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही संबंधित थाने या पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र दें। मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस को उपलब्ध कराया जा सके।

 

Back to top button
error: Content is protected !!