
चंदौली। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सकलडीहा थाना क्षेत्र में एक जेसीबी मशीन को सीज कर दिया है। मामले में ग्राम प्रधान सहित तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त जेसीबी को कब्जे में लेकर आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना सकलडीहा क्षेत्र के ग्राम डैना में बीते दिनों रात के समय अवैध खनन किए जाने की सूचना मिली थी। शिकायत के बाद राजस्व विभाग से जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में अवैध खनन की पुष्टि होने पर मनियारपुर निवासी रोशन मिश्रा की तहरीर के आधार पर थाना सकलडीहा में मुकदमा अपराध संख्या 136/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली, 2021 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। इस मामले में जेसीबी चालक (नाम-पता अज्ञात), अमावल निवासी शिवम सिंह उर्फ कल्लू तथा ग्राम डैना की ग्राम प्रधान विमला यादव को नामजद किया गया है।
कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन (पंजीकरण संख्या UP67BT6860) को मौके से सीज कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन विवेचना की जा रही है और जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना सकलडीहा के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार निषाद ने अपनी पुलिस टीम के साथ किया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

