चंदौलीराज्य/जिला

बलुआ थाना क्षेत्र में चोर बेखौफ, मंदिरों से लगातार घंटा चोरी, थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें रोकने में प्रभावी साबित नहीं हो रही है। लगातार हो रही घटनाओं को लेकर थाना प्रभारी की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

शुक्रवार दोपहर महगांव ग्राम स्थित आदर्श विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, महगांव-पपौरा परिसर के दुर्गा मंदिर से चोर करीब 3 किलो वजनी घंटा चोरी कर ले गए। घटना उस समय हुई जब दोपहर लगभग 2 बजे विद्यालय बंद हो चुका था और परिसर में सन्नाटा था।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, चोर पहले से ही विद्यालय के आसपास घात लगाए हुए थे। विद्यालय बंद होने के बाद उन्होंने लगभग 12 फीट ऊंची दीवार पार कर मंदिर में प्रवेश किया और घंटा चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे दो दिन पहले, 30 जुलाई को महगांव गांव के शिव मंदिर से भी घंटा चोरी हो चुका है। लगातार धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसी घटनाएं आगे भी जारी रह सकती हैं।

घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।

Back to top button
error: Content is protected !!