चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: नूरजहां के दरवाजे तक नहीं पहुंच पाएगी बारात, दबंग पड़ोसी ने कब्जा कर लिया है रास्ता

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के कोरी गांव में एक गरीब विधवा की बेटी की शादी से पहले बड़ा संकट खड़ा हो गया है। गांव निवासी फरीदा की पुत्री नूरजहां की शादी आगामी 17 मई को होनी है, लेकिन बारात के दरवाजे तक पहुंचने का रास्ता ही अवरुद्ध कर दिया गया है।

आरोप है कि गांव के दबंग पड़ोसी इसरार ने करीब 10 फीट चौड़े कच्चे रास्ते पर कब्जा कर झाड़-झंखाड़ लगा दिया है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। फरीदा के घर तक पहुंचने के लिए दूसरी जो गली बची है, उसकी चौड़ाई दो फीट से भी कम बताई जा रही है।

ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए प्रधान और ताराजीवनपुर चौकी पुलिस से शिकायत की, लेकिन आरोप है कि पुलिस की हिदायत के बावजूद दबंग पर कोई असर नहीं पड़ा।

पूर्व प्रधान सूबेदार सिंह ने बताया कि जिस रास्ते पर कब्जा किया गया है वह बंजर भूमि है। वर्ष 2021 में दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर आपसी समझौता भी हुआ था, जिसमें वर्तमान प्रधान गवाह बने थे, लेकिन अब दबंग पक्ष अपने वादे से मुकर गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि फरीदा बेहद गरीब महिला है और गांव के लोगों ने चंदा इकट्ठा कर उसकी बेटी की शादी में सहयोग किया है। रास्ता बंद होने से अब बारात के दरवाजे तक पहुंचने पर संकट खड़ा हो गया है। गांव वालों ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कही है।

Back to top button
error: Content is protected !!