ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: डीडीयू मंडल में ‘मिशन लाइफ’ अभियान की शुरुआत, डीआरएम और रेलवे अफसरों ने साइकिल चलाकर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

चंदौली। पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस–2026 अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को “मिशन लाइफ (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट)” के तहत किया गया। 15 मई से 5 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देना है। अभियान के दौरान विभिन्न चरणों में जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डीएम ने रेल अफसरों संग साइकिल चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही रेलकर्मियों को शपथ भी दिलाई।

 

अभियान का शुभारंभ बाकले स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम से हुआ। इस अवसर पर उदय सिंह मीना ने अधिकारियों, कर्मचारियों, स्काउट एवं गाइड सहित रेल परिवार के सदस्यों को हरित शपथ दिलाई। सभी ने अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआरएम उदय सिंह मीना ने कहा कि रेलकर्मी स्वयं पर्यावरण हितैषी जीवनशैली अपनाएं और अपने परिवार, सहकर्मियों तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक रेलकर्मी को “पर्यावरण प्रहरी” की भूमिका निभाते हुए इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास करना चाहिए।

 

इसके बाद पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जनसामान्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से बाकले स्टेडियम से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय तक विशेष साइकिल रैली निकाली गई। इस रैली में मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साइकिल रैली के माध्यम से लोगों को प्रदूषण कम करने और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन अपनाने का संदेश दिया गया।

 

अभियान के प्रथम चरण में मिशन लाइफ और जलवायु परिवर्तन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। मंडल के विभिन्न स्टेशनों, कार्यालय परिसरों और प्रमुख स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण, जल एवं ऊर्जा बचत, स्वच्छता और हरित जीवनशैली से जुड़े संदेश पोस्टर, बैनर और डिजिटल माध्यमों से प्रसारित किए जा रहे हैं। “सिंगल यूज प्लास्टिक को ना कहें” जैसे संदेशों के जरिए यात्रियों और रेलकर्मियों को जागरूक किया जा रहा है।

 

आगामी चरणों में स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक उन्मूलन, “एक पेड़ मां के नाम” वृक्षारोपण कार्यक्रम, जल संरक्षण और ऊर्जा बचत से जुड़े विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रेलवे प्रशासन का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

 

Back to top button
error: Content is protected !!