
चंदौली। सदर ब्लाक प्रमुख चुनाव मतदान के दौरान मुख्यालय पर जमकर बवाल हुआ। सपाई और भाजपाई आपस में भिड़ गए मारपीट के बाद पत्थरबाजी भी हुई। पुलिस और पीएसी के जवानों ने मोर्चा संभाला और लाठी भाजकर लोगों को खदेड़ा। मतगणना एजेंट बनाने और भाजपा विधायक शारदा प्रसाद के मतगणना स्थल पर प्रवेश को लेकर बात बढ़ गई और सपा और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।
जैसी आशंका थी वही हुआ। सदर ब्लाक प्रमुख पद चुनाव मतदान नोंकझोक के बीच शुरू हुआ और अंत मारपीट के साथ हुआ। मुख्यालय पर तकरीबन आधे घंटे तक पत्थरबाजी हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने और सपाइयों ने एक दूसरे पर जमकर लात-घूंसे चलाए और दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। कई मोटरसाइकिल तोड़ दी गईं। मारपीट में दोनों पक्षों से तकरीबन एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। पुलिस और पीएसी के जवानों ने लाठी चार्ज कर स्थिति को नियंत्रण में किया।
 
					 
					 
					 
					 
					 
					 
					 
					 
					

