
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के उदयपुरा गांव निवासी गोली से घायल ग्राम प्रधान के पुत्र उत्कर्ष सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। उत्कर्ष ने गुरुवार की सुबह खुद को गोली मार ली थी। परिजनों ने बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया।
उदयपुरा गांव के ग्राम प्रधान पुत्र उत्कर्ष (28 वर्ष) ने गुरुवार की सुबह पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली सीने में लगी थी। परिजन आननफानन में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। वहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। उत्कर्ष की पत्नी छाया सिंह पर मानों दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार में करीब छह वर्षीय पुत्री देवकी सिंह और लगभग डेढ़ वर्षीय पुत्र राम हैं। उत्कर्ष ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

