चंदौलीराज्य/जिला

अब 50 हजार का ईनामी हुआ जुआ सिंडिकेट का ‘देवता’, दो अन्य आरोपियों की भी पुरस्कार राशि बढ़ी, पुलिस की पकड़ से दूर

एसपी के प्रस्ताव पर डीआईजी ने बढ़ाई इनाम राशि, SOG और पुलिस तलाश में जुटी

 

चंदौली। जुआ सिंडिकेट का सरगना सुनील यादव उर्फ देवता प्रधान अपने दो अन्य साथियों ओमप्रकाश उर्फ मग्गू पटेल और राहुल पटेल के साथ फरार है। पुलिस और SOG की टीमें खाक छान रही हैं। हालांकि तीनों आरोपियों पर घोषित ईनाम राशि अब बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी गई है। एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने पुरस्कार राशि बढ़ाए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, देवता प्रधान इस पूरे अवैध नेटवर्क का मास्टरमाइंड है, जो लंबे समय से मुगलसराय और आसपास के इलाकों में जुए के अड्डे संचालित कर रहा था। मामले के खुलासे के बाद से वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा है।

चंदौली के तत्कालीन एसपी आदित्य लांघे के प्रस्ताव पर डीआईजी ने देवता प्रधान पर ईनाम बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया है। तीनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ SOG को भी लगाया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और मुखबिरों का नेटवर्क भी सक्रिय कर दिया गया है। बावजूद देवता पुलिस की पकड़ से दूर है।

कुछ दिनों पहले  सेमरा स्थित मग्गू पटेल के घर पर छापेमारी कर जुआ खेलते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। मौके से नकदी और जुआ खेलने के उपकरण भी बरामद हुए थे। हालांकि, मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस विभाग में भी कार्रवाई
मामले में लापरवाही सामने आने पर मुगलसराय कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया था जबकि जलीलपुर चौकी प्रभारी अभिषेक शुक्ला सहित तीन पुलिसकर्मी निलंबित किए जा चुके हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!