
चंदौली। सदर कोतवाली के बाजिदपुर गांव के समीप अनियंत्रित बाइक नहर में पलट गई। इसमें बाइक सवार जीजा की मौत हो गई। वहीं साला गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
इलिया थाना के बरियारपुर गांव निवासी दीपक कुमार (35) अपने साले ओमप्रकाश (30) के साथ बाइक से निमंत्रण में पीडीडीयू नगर गया हुआ था। देर रात वापस लौटते समय बाजिदपुर गांव के समीप बाइक अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। इसमें जीजा दीपक कुमार की पानी में डूबने से मौत हो गई। वहीं उनके साले ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल गए। पानी में गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को ग्रामीणों की मदद से नहर से बाहर निकलवाया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।