चंदौलीप्रशासन एवं पुलिस

चंदौली में अस्पतालों में अफसरों की छापेमारी, डायग्नोसिस सेंटर सील, नर्सिंग होम का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने को भेजी रिपोर्ट

चंदौली। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को सकलडीहा क्षेत्र में संचालित नर्सिंग होम व डायग्नोसिस सेंटर में छापेमारी की। इस दौरान कमालपुर कस्बा में बिना पंजीकरण अल्ट्रासाउंड करने पर डायग्नोसिस सेंटर को सील कर दिया। वहीं मानक के विपरीत संचालित होने वाले नर्सिंग होम का पंजीकरण निरस्त करने के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी।

सकलडीहा एसडीएम मनोज पाठक और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आरबी शरण के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम कमालपुर कस्बा पहुंची। यहां संचालित निजी  हास्पिटल में मानकों की जांच की। इस दौरान रजिस्टर्ड हॉस्पिटल में कोई भी डॉक्टर अथवा मानक के अनुरूप सुविधाएं नहीं मिलीं। इस पर अफसरों ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए अस्पताल का पंजीकरण निरस्त करने के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी। वहीं कस्बा में ही बिना पंजीकरण के ही डायग्नोसिस सेंटर में अल्ट्रासाउंड की जांच की जा रही थी। इस पर जांच केंद्र को तत्काल सील कर दिया गया। अधिकारियों की छापेमारी से खलबली मची रही। एसडीएम ने बताया कि तहसील क्षेत्र में संचालित निजी अस्पतालों को चिह्नित किया गया है। उनकी जांच की जाएगी। यदि मानक के विपरीत संचालित होते पाए गए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!