
चंदौली। मसोई हनुमान मंदिर प्रांगण में नौ दिवसीय श्रीराम कथा के दूसरे दिन का शुभारंभ डैडीज इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मानस परिवार सेवा समिति की ओर से पिछले 14 वर्षों से आयोजित यह धार्मिक आयोजन दो मई तक चलेगा, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
कथा व्यास अतुल कृष्ण भारद्वाज जी महाराज ने भगवान भक्ति और धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ईश्वर निर्मल मन में ही वास करते हैं। जब-जब अधर्म बढ़ता है, तब भगवान अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं। उन्होंने डॉ. तिवारी द्वारा संचालित निशुल्क अयोध्या यात्रा सेवा की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
प्रथम दिन कथा में अगस्त मुनि, याज्ञवल्क्य और भारद्वाज ऋषि के जीवन प्रसंगों के माध्यम से ज्ञान, तप और त्याग का महत्व बताया गया। वहीं दूसरे दिन राम जन्म प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन हुआ, जिससे पूरा पंडाल “जय श्री राम” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूम उठे।
कथा के दौरान युवाओं को संस्कृति से जुड़ने और माताओं को गर्भावस्था में सात्विक जीवन अपनाने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

