
2441 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा धान का समर्थन मूल्य, फार्मर रजिस्ट्री और किसान पंजीकरण अनिवार्य; सुबह नौ से शाम पांच बजे तक होगी खरीद
बरहनी ब्लॉक में सबसे अधिक 32 क्रय केंद्र, खरीद होगी पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर; लापरवाही मिलने पर केंद्र प्रभारियों पर होगी कार्रवाई
चंदौली। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के अनुमोदन के बाद जिले में कुल 147 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर दो नवंबर से धान की खरीद शुरू होगी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए जिले के सभी विकास खंडों में क्रय केंद्र बनाए गए हैं। यहां सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक धान की खरीद की जाएगी।
इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अलावा सफाई और छनाई के मद में किसानों को 20 रुपये प्रति क्विंटल की अतिरिक्त धनराशि भी दी जाएगी। खरीद की जिम्मेदारी खाद्य विभाग, पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, भारतीय खाद्य निगम और मंडी समिति के केंद्रों को सौंपी गई है। पूरी व्यवस्था की निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को जिला खरीद अधिकारी नामित किया गया है।
बरहनी में सबसे अधिक 32 क्रय केंद्र
जिले के नौ विकास खंडों में क्रय केंद्रों का निर्धारण किया गया है। इनमें बरहनी में 32, चकिया में 23, चंदौली सदर में 22, सकलडीहा में 18, धानापुर में 15, शहाबगंज में 13, चहनियां में 11, नियामताबाद में सात और नौगढ़ में छह केंद्र बनाए गए हैं।
फार्मर रजिस्ट्री के बिना नहीं होगी खरीद
इस बार धान खरीद में फार्मर रजिस्ट्री को विशेष महत्व दिया गया है। किसानों से मुख्य रूप से फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर धान खरीदा जाएगा। जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं बनी है, उन्हें खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। जिन किसानों की रजिस्ट्री में सभी गाटे दर्ज नहीं हैं, उन्हें समय रहते विवरण पूरा कराने की सलाह दी गई है।
धान खरीद पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगी। किसान संबंधित क्रय केंद्र पर फार्मर रजिस्ट्री अथवा पंजीकरण का विवरण देकर अपना क्रम दर्ज करा सकते हैं। एक नवंबर को रविवार का अवकाश होने के कारण यह प्रक्रिया दो नवंबर से शुरू होगी।
लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीद में अनियमितता या लापरवाही मिलने पर केंद्र प्रभारी के साथ संबंधित संस्था के जिला प्रबंधकों की भी जवाबदेही तय की जाएगी और कठोर कार्रवाई होगी। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते पंजीकरण और फार्मर रजिस्ट्री पूरी कराकर नजदीकी क्रय केंद्र से संपर्क करें।

