
चंदौली। सोशल मीडिया पर रील बनाने की सनक जानलेवा साबित हुई। मां ने डांटा तो युवती ने गंगा नहर में छलांग लगा दी और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। युवती की लाश अलीनगर थाना क्षेत्र के आलूमिल चौकी अंतर्गत निर्माणाधीन पुल के पास नहर में उतराई मिली। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
सीओ मुगलसराय के अनुसार मृतका की शिनाख्त बबुरी थाना क्षेत्र के लेवा रोड निवासी खुश्बू के रूप में हुई है। वह अपनी मां के साथ अपने ननिहाल में मिर्जापुर के अदलहाट गई हुई थी। वहां सोशल मीडिया पर रील बनाने पर मां ने उसे डांटा। इससे क्षुब्ध होकर युवती ने नहर में छलांग लगा दी। परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। परिजनों ने अदलहाट थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी।
बुधवार की सुबह युवती का शव आलूमिल के समीप निर्माणाधीन पुल के पास उतराया मिला। सूचना के बाद अलीनगर थाने की पुलिस और सीओ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

