ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: छात्रों ने देखी रेलवे की विरासत, विश्व विरासत दिवस पर डीडीयू मंडल की पहल

नई पीढ़ी को धरोहर संरक्षण का दिया संदेश

  • नई पीढ़ी को धरोहर संरक्षण का दिया संदेश

चंदौली।  पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल परिसर में शनिवार को विश्व विरासत दिवस (वर्ल्ड हेरिटेज डे) मनाया गया। इस अवसर पर यांत्रिक विभाग की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं सहित अन्य को भारतीय रेल की ऐतिहासिक धरोहरों, विकास यात्रा और उनके संरक्षण के महत्व से परिचित कराना था।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्थित रामकृष्ण इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक और दो के पहुंचे। वहां उपस्थित सभी को मंडल परिसर में अवस्थित रेलवे की विरासत संरचनाओं व प्रदर्शित सामग्रियों का भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर वर्तमान समय में अप्रयुक्त 20वीं सदी में निर्मित पुराने फुट ओवर ब्रिज के संरक्षित हिस्से का अवलोकन किया। उन्हें इस प्रकार की संरचनाओं की उपयोगिता और रेलवे व्यवस्था में उनकी भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई।
छात्रों ने स्टेशन के परिसंचरण क्षेत्र में स्थापित विरासत 1957 के रेल इंजन के मॉडल को भी देखा। उन्हें भारतीय रेल के भाप इंजन से लेकर वंदे भारत ट्रेन तक के विकास क्रम, पूर्व समय में उपयोग की जाने वाली तकनीकों और रेल परिवहन में समय-समय पर हुए बदलावों के बारे में अवगत कराया गया।
इसके उपरांत विद्यार्थियों ने मंडल कार्यालय परिसर स्थित प्रदर्शनी केंद्र का भ्रमण किया, जहां पूर्व में उपयोग किए जाने वाले रेलवे उपकरण, औजार, मशीनरी के पुर्जे और अन्य तकनीकी सामग्रियों का अवलोकन कराया गया। विद्यार्थियों ने रुचि के साथ इन सामग्रियों को देखा और जानकारी प्राप्त की।
डीडीयू मंडल की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम नई पीढ़ी को भारतीय रेल की समृद्ध विरासत से जोड़ने और संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक कदम है।

Back to top button
error: Content is protected !!