
चंदौली। शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों के तहत डैडीज इंटरनेशनल स्कूल एंड हॉस्टल, बिशुनपुरा-कांटा की ओर से संचालित निःशुल्क अयोध्या तीर्थयात्रा शनिवार को 20वीं बार रवाना हुई। विद्यालय परिसर से वातानुकूलित बस से श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार अयोध्या तीर्थयात्रा के लिए बस और यात्रा संबंधी व्यवस्था निःशुल्क की जाती है। इस पहल के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को अयोध्या धाम की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रबंधन का दावा है कि आगामी यात्राओं के लिए भी कई महीनों की सीटें पहले से बुक हो चुकी हैं।
शिक्षा के साथ वित्तीय समझ विकसित करने पर जोर
विद्यालय के संस्थापक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने बताया कि स्कूल में पारंपरिक शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को व्यावहारिक और वित्तीय शिक्षा से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। उनके अनुसार कक्षा छह से ही बच्चों को बचत, निवेश और वित्तीय अनुशासन जैसे विषयों की बुनियादी जानकारी दी जाती है।
नर्सरी से कक्षा 12 तक संचालित विद्यालय में CBSE पाठ्यक्रम के अनुरूप शैक्षणिक व्यवस्था संचालित होने की बात प्रबंधन ने कही है। प्रधानाचार्य अजय कुमार श्रीवास्तव विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं।
सुल्तानपुर में खुलेगी नई शाखा
डॉ. विनय प्रकाश तिवारी के अनुसार विद्यालय की नई शाखा सुल्तानपुर जनपद में शुरू करने की तैयारी चल रही है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के विस्तार के साथ बच्चों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और व्यावहारिक शिक्षा उपलब्ध कराने पर फोकस रहेगा।
रवाना होने से पहले विद्यालय का भ्रमण
अयोध्या रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने विद्यालय परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों और सुविधाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर बंशीधर तिवारी, सत्यप्रकाश तिवारी, रामअवध विश्वकर्मा, विकास तिवारी, आशा देवी, वकील सिंह, सिंकू पाठक, रोहित सेठ, संजय, श्रेया पाण्डेय, हरीश पाण्डेय, सुनीता देवी, आंचल पाण्डेय, परमहंस तिवारी, ॐ पाण्डेय, चंद्रशेखर पाठक, शकुंतला पाठक, धर्मेंद्र पाठक, आयुष पाठक, सागर शर्मा, विनीत दुबे, पवन तिवारी, रवि पाण्डेय, अमित कुमार, सुषमा देवी और पुष्पा गिरि सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

