चंदौलीराज्य/जिला

वाराणसी में पुलिस मुठभेड़ में 30 लाख का इनामी नक्सली कमांडर ढेर

वाराणसी। वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र में रविवार तड़के पुलिस और प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) के कमांडर के बीच मुठभेड़ हो गई। क्रॉस फायरिंग में 30 लाख रुपये के इनामी नक्सली कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता की गोली लगने से मौत हो गई। उस पर झारखंड सरकार की ओर से 25 लाख और एनआईए की ओर से पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था।

जानकारी के अनुसार, बृजेश गंझू पुत्र पंचू गंझू, निवासी लूटू, थाना लावालौंग, जनपद चतरा (झारखंड), अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से टेंगरा मोड़ की ओर से रामनगर होते हुए मुगलसराय की तरफ जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने लंका मैदान के पास उसे रोकने का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक, रुकने के बजाय बृजेश मोटरसाइकिल से कूद गया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई क्रॉस फायरिंग में उसे गोली लगी। इस दौरान आरोपी की ओर से चलाई गई गोली यूपी एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण के बुलेटप्रूफ जैकेट में भी लगी। दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

गोली लगने के बाद बृजेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!