
चहनियां चौराहे के पास रिद्धी बेकर्स में चल रहा था अवैध पटाखों का कारोबार, नौ गत्तों में मिले सुतली बम, बुलेट बम और पाइप बम समेत कई तरह के पटाखे
चंदौली। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बलुआ पुलिस ने बुधवार को बड़ी सफलता हासिल की। चहनियां चौराहे के पास स्थित रिद्धी बेकर्स की दुकान की आड़ में चल रहे अवैध पटाखों के गोदाम का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 103 किलोग्राम पटाखे बरामद किए। मौके से दुकान संचालक राहुल सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, घनी आबादी के बीच बिना लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर पटाखों का भंडारण किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तीन नवंबर को क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चहनियां चौराहे के पास रिद्धी बेकर्स में भारी मात्रा में अवैध पटाखे रखे गए हैं। सूचना पर पुलिस ने तत्काल दुकान पर पहुंचकर तलाशी ली। दुकान से सटे कमरे में रखे नौ गत्तों में भारी मात्रा में पटाखे मिले। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर इनका कुल वजन 103 किलोग्राम निकला।
बरामद पटाखों में चकरी, फुलझड़ी, अनार, पाइप बम, बुलेट बम, सुतली बम, चटाई और बड़े पटाखे शामिल हैं। पुलिस ने मौके से राहुल सिंह पुत्र सतीश सिंह चौहान निवासी खंडवारी, चहनियां को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस मामले में थाना बलुआ में मुकदमा अपराध संख्या 309/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस और 9बी विस्फोटक अधिनियम, 1884 में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनंत कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह तथा कांस्टेबल अनुज कुमार वर्मा, मनोज कुमार, अनमोल वर्मा और संदीप कुमार शामिल रहे।

