क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

चंदौली में नहीं थम रहा अपराध, चारपाई पर सोए युवक की धारदार हथियार से हत्या, गांव में सनसनी

 

चंदौली।  चकिया कोतवाली क्षेत्र के जोगिया कला गांव में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का रक्तरंजित शव उसके घर के बाहर चारपाई पर मिला। मृतक की शिनाख्त 35 वर्षीय बृजेश यादव उर्फ बेचई पुत्र रामचंद्र यादव के रूप में हुई है। युवक के सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।

बृजेश यादव शुक्रवार की रात भोजन करने के बाद घर के बाहर चारपाई पर सोने चले गए थे। शनिवार सुबह जब परिजन उन्हें जगाने पहुंचे तो वह मृत अवस्था में पड़े मिले। उनके सिर और गर्दन के पिछले हिस्से पर गंभीर चोटों के निशान देखकर परिजनों के होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
चकिया कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी चकिया रघुराज भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

प्रथम दृष्टया मामला धारदार हथियार से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

क्षेत्राधिकारी चकिया रघुराज ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद जोगिया कला गांव में दहशत और शोक का माहौल है। ग्रामीणों के बीच हत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि पुलिस हत्यारों तक पहुंचने के लिए हर पहलू की पड़ताल कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!