ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: दुबई में खाताधारक, गांव में बना लिया फर्जी UPI, खाते से उड़ाए 2.76 लाख, साइबर जालसाज गिरफ्तार

चंदौली। दुबई में रह रहे एक प्रवासी भारतीय के बैंक खाते से फर्जी तरीके से UPI बनाकर 2.76 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी करने के मामले में चन्दौली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जौनपुर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने खाताधारक की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर उसके खाते से लाखों रुपये निकाल लिए और उस धनराशि से मकान निर्माण समेत घरेलू सामान की खरीदारी कर ली।

 

पुलिस के अनुसार थाना बलुआ क्षेत्र के ग्राम पुरवां नादी निवासी दिनेश निषाद का यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की रामगढ़ शाखा में खाता है। दिनेश वर्ष 2021 में रोजगार के लिए दुबई चले गए थे और अप्रैल 2026 में भारत लौटे। बैंक में केवाईसी अपडेट कराने पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनके खाते से 2,76,362.50 रुपये विभिन्न तिथियों में निकाले जा चुके हैं। जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से एक मोबाइल नंबर जोड़कर फर्जी UPI आईडी बना ली थी, जबकि खाताधारक ने कभी UPI सुविधा के लिए एटीएम या अन्य अनुमति उपलब्ध नहीं कराई थी।

 

पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना बलुआ में बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच में जुटी थाना बलुआ पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जौनपुर के रायपुरकला निवासी विशाल पटेल को मुगलसराय क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने नवंबर 2025 में अपने नाम से लिए गए मोबाइल नंबर के जरिए कूटरचित तरीके से फोनपे UPI आईडी और पिन तैयार किया था। शुरुआत में उसने एक-एक रुपये का ट्रांजेक्शन कर सिस्टम की जांच की और सफल होने पर खाते से बड़ी रकम निकालनी शुरू कर दी। आरोपी ने बताया कि उसने विभिन्न खातों के माध्यम से लगभग 2.62 लाख रुपये निकाले और उस धन से मकान बनवाने तथा घरेलू सामान खरीदने में खर्च किया।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!