fbpx
जौनपुरराजनीतिराज्य/जिला

जौनपुर से सीएम ने फूंका उप चुनाव का बिगुल, जानिए पूर्वांचल दौरे की खास बातें

जौनपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को जिले में थे। उन्होंने मल्हनी समेत प्रदेश की आठ सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए एक तरह से शंखनाद कर दिया। प्रदेश और केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं तो कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से चुनाव के बाबत चर्चा भी की।
जौनपुर सनबीम स्कूल कुल्हनामऊ में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश एवं प्रदेश की सरकार गरीबों के हित के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जी द्वारा  कृषि बीमा योजना से किसानों को सुरक्षा, प्रधानमंत्री सिंचाई योजना से किसानों को पानी देने का कार्य, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को आर्थिक सहायता तथा किसानों के लिए नई तकनीकी से खेती करने की व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों की आय में बढ़ोतरी हो सके। कहा कि जौनपुर की धरती पर अनेक महान विभूतियों ने जन्म लिया है। प्रदेश सरकार संपूर्ण प्रदेश के साथ-साथ जौनपुर के विकास के लिए कई परियोजनाएं चला रही है। ठेले, खोमचे, मजदूरों को रोजगार देने और लॉकडाउन के दौरान उन्हें आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। लॉकडाउन के उपरांत महीने में दो बार खाद्यान्न देने का कार्य किया जा रहा है। माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर में अनेक वैज्ञानिक हुए हैं जिसमें डा0 लालजी सिंह ने जौनपुर को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई, जिससे आज के युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के संकट की घड़ी में सरकार हमेशा गरीबों के साथ खड़ी रही

किसान बिल पर बोले सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की सुरक्षा के लिए किसान बिल लाया गया है। किसानों को बिचैलियों से मुक्ति मिलेगी तथा किसानों का शोषण रुकेगा। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का दोगुना दाम मिलना ही चाहिए। इस अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा समस्त प्रकार की पेंशन योजना के नये चयनित लाभार्थियों, परिवारिक लाभ, शादी अनुदान के लाभार्थियों, वारासत, मनरेगा पार्क, माडल तालाब, जनपद जौनपुर में विगत तीन वर्षो की उपलब्धि तथा विधानसभा क्षेत्र मल्हनी में विगत तीन वर्षो के कार्यो का विमोचन किया गया।

कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र              
कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए सीएम ने कहा कि बूथ जीतने का लक्ष्य लेकर चुनावी समर में उतर जाएं। अगर बूथ जीत गए तो विधानसभा भी जीत जाएंगे। इसके लिए सरकार की सभी लाभार्थी योजनाओं को लेकर घर-घर जाने की अपील की। कुल्हनामऊ स्थित सनबीम स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बूथ, सेक्टर और मंडल प्रमुखों से संवाद किया। करीब 30 मिनट के संबोधन में जौनपुर के गौरवशाली अतीत का जिक्र करते हुए उज्ज्वल भविष्य के सपने दिखाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर पं. दीनदयाल की कर्मभूमि रही है। पूर्ववर्ती सरकारों में यहां का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है। भाजपा सरकार विकास की गंगा बहाने के लिए संकल्पित है। यह किसी जात-पात की सरकार नहीं है। हमारा लक्ष्य सबका विकास और सबका सम्मान करना है। उपचुनाव के लिए कार्यकर्ता कमर कस लें। सम्मेलन में क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी, चुनाव प्रभारी और कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्य मंत्री गिरीश चंद यादव, सांसद बीपी सरोज, मछली शहर के जिला अध्यक्ष रामविलास पाल, जिला महामंत्री सुशील मिश्रा, पूर्व सांसद के पी सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, सीमा द्विवेदी, अशोक सोनकर, सुरेंद्र सिंघानिया, अमित श्रीवास्तव आदि रहे।

Leave a Reply

Back to top button