
चंदौली। चंदौली पुलिस ने जीटी रोड स्थित नवीन मंडी परिसर के पास कार्रवाई करते हुए 25 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल से भरा टैंकर पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, डीजल का परिवहन कूटरचित बिल्टी, इनवॉइस और ई-वे बिल के जरिए अवैध रूप से किया जा रहा था। मौके से टैंकर चालक को गिरफ्तार किया गया है। मामले में छह अन्य नामजद आरोपियों समेत कुल सात लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थाना चंदौली की टीम को मुखबिर से अवैध डीजल परिवहन की सूचना मिली थी। इसके आधार पर सात अक्टूबर 2026 को नवीन मंडी परिसर के पास जांच की गई। इस दौरान महाराष्ट्र नंबर (MH 43 AF 3359) के टैंकर को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। टैंकर में 25 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल भरा हुआ था।

पेट्रोल पंप के रिकॉर्ड में मिली हेराफेरी
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच में मेसर्स आइडियल सर्विस सेंटर नामक पेट्रोल पंप के स्टॉक और बिक्री रजिस्टर की जांच की गई। इसमें 13,986 लीटर डीजल का अंतर पाया गया। पुलिस ने इसे रिकॉर्ड में गंभीर हेराफेरी से जुड़ा मामला बताया है।
जिलाधिकारी चंदौली की अनुमति और आदेश के अनुपालन में थाना चंदौली में मुकदमा अपराध संख्या 493/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
प्रयागराज का रहने वाला है गिरफ्तार चालक
गिरफ्तार चालक की पहचान अवधेश कुमार, पुत्र राम सजीवन, निवासी ग्राम देवगलपुर, थाना मऊआइमा, जिला प्रयागराज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए छह अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
संयुक्त पुलिस टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना चंदौली के प्रभारी निरीक्षक, हाईवे मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मार्कण्डेय सिंह, हेड कांस्टेबल सागर यादव, कांस्टेबल अभिषेक तिवारी और सीसीटीएनएस में तैनात कांस्टेबल पवन कुमार शामिल रहे। पुलिस मामले में परिवहन से जुड़े दस्तावेजों और पेट्रोल पंप के रिकॉर्ड की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

