
विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कलेक्ट्रेट वेयरहाउस में होगी फर्स्ट लेवल चेकिंग, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगी प्रक्रिया
चंदौली। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) की तैयारियों का जायजा लिया। जिले में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों की जांच 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि एफएलसी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी और रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने को भी कहा।

राजनीतिक दलों की मौजूदगी में होगी जांच
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार एफएलसी की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी। मशीनों की तकनीकी जांच विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम करेगी। इस दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मशीनों की जांच, सीलिंग और मॉक पोल कराया जाएगा।
इसके लिए राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों और सचिवों को सूचना भेजी गई है। उनसे निर्धारित तिथि पर उपस्थित रहने की अपील की गई है, ताकि जांच प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता बनी रहे और सभी संबंधित पक्षों को प्रक्रिया देखने का अवसर मिल सके।

सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
डीएम ने वेयरहाउस परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने और बैरिकेडिंग को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एफएलसी में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही प्रवेश दिया जाए। वैध प्रवेश पास के बिना किसी भी व्यक्ति को परिसर में आने की अनुमति नहीं होगी।
एमएलसी चुनाव की तैयारियों की भी समीक्षा
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 के एमएलसी चुनाव की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चुनाव में इस्तेमाल होने वाली स्टेशनरी सामग्री, मतपेटियों की सफाई, रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को सभी सुरक्षात्मक और तकनीकी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

