ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: नवरात्रि-दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने परखी तैयारी, मातहतों को दिए जरूरी निर्देश

चंदौली। आगामी नवरात्रि, दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में पुलिस लाइन चंदौली स्थित नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विभिन्न आयोजनों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

 

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी धार्मिक आयोजन पारंपरिक तरीके से संपन्न कराए जाएं। किसी भी स्थिति में नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

पंडालों में बिजली सुरक्षा की होगी जांच

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने निर्देश दिया कि दुर्गापूजा पंडालों में विद्युत तारों और कनेक्शनों की जांच कराकर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित दुर्घटनाओं से बचाव के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं। मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंध किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। रावण दहन स्थलों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखे जाएं और अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

 

संवेदनशील स्थलों का होगा संयुक्त निरीक्षण

जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख आयोजन स्थलों का संयुक्त निरीक्षण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को समय रहते दूर कराया जाएगा। उन्होंने त्योहारों के दौरान आवागमन और आयोजनों में बाधा रोकने के लिए छुट्टा पशुओं के प्रबंधन पर भी जोर दिया।

 

साफ-सफाई से लेकर खाद्य पदार्थों की जांच तक के निर्देश

जिलाधिकारी ने नगर निकायों और संबंधित विभागों को अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। त्योहारों के दौरान बाजारों में पनीर, खोया और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। खाद्य पदार्थों में मिलावट मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

बैठक के अंत में डीएम और एसपी ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करने और सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने पर जोर दिया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!