
चंदौली। मौसम को लेकर अच्छी खबर है। जनपदवासियों को जल्द ही गर्मी से थोड़ी राहत मिलने वाली है। बिहार में मानसून के बादल बारिश करा रहे हैं। बिपरजाय चक्रवात ने मानसून के यूपी की तरफ बढ़ने की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया था, लेकिन 19 जून से यह धीऱे-धीरे आगे बढ़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अगले एक-दो दिनों में मौसम करवट लेगा। बुधवार तक प्री मानसून की बारिश हो सकती है। बिपरजाय के असर के चलते हवा भी चल सकती है। इसके लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।
मानसून बिहार पहुंचने के बाद ठिठक गया। इसके पीछे समुद्री चक्रवात बिपरजाय का प्रभाव रहा। मानसून, अमूमन एक जून तक केरल पहुंच जाता है, लेकिन इस बार प्रशांत महासागर में उठे अलनीनो की वजह से सात दिन लेट हो गया। इस समय पश्चिम बंगाल, बिहार व नार्थ ईस्ट में अच्छी बारिश हो रही है। चंदौली समेत आसपास के जिलों में भी अगले एक-दो दिनों में प्री मानसून की बारिश शुरू होने की उम्मीद है, जो भीषण गर्मी व तपिश से मुक्ति दिलाएगी। मौसम विज्ञान विभाग लखनऊ ने अगले पांच दिनों का अपडेट जारी किया है। इसके अनुसार 20 से लेकर 22 जून तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 23 व 24 जून को अधिकांश स्थानों पर बारिश होगी। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चलेगी। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो इस बार ठीक-ठाक बारिश हो सकती है। हालांकि, मानसून धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ेगा। शुरूआत में कुछ दिनों तक तेज हवा के झोंके के साथ हल्की बूंदाबांदी व बौझारें गिरेंगी। इसके बाद अच्छी बरसात होगी।