
संवाददाता-बाबू चौहान
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के कौड़ीहार खास गांव में बुधवार देर रात ट्रांसफार्मर के पास करंट की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया गया कि ट्रांसफार्मर के सपोर्टिंग तार में करंट उतर आया था। इसकी चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रामीणों ने बांस की मदद से तार हटाकर युवक को बाहर निकाला और आनन-फानन में चकिया स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के डिग्घी गांव निवासी रामदुलारे के पुत्र बाबी कुमार के रूप में हुई। बताया गया कि बाबी पिछले कुछ समय से अपने मामा पवन के घर कौड़ीहार खास में रह रहा था। वह गांव में रविदास मंदिर के समीप अपने मामा के ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को खड़ा करने वाली जगह के आसपास सोता था। इसी स्थान के पास ट्रांसफार्मर भी लगा हुआ था।
पेशाब करने उठा था युवक
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार बुधवार रात करीब नौ बजे बाबी पेशाब करने के लिए उठा था। इसी दौरान वह ट्रांसफार्मर के पास पहुंच गया और वहां लगे सपोर्टिंग तार के संपर्क में आ गया। ग्रामीणों का कहना है कि तार में किसी तरह करंट उतर आया था। तार की चपेट में आते ही बाबी उससे चिपक गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। करंट प्रवाहित होने की आशंका के चलते किसी ने सीधे युवक को छूने की कोशिश नहीं की। ग्रामीणों ने बांस की मदद से तार को हटाया और बाबी को वहां से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में ट्रांसफार्मर और विद्युत तारों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर के आसपास सपोर्टिंग तार में करंट उतरना गंभीर मामला है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से पूरे मामले की जांच कराने, जिम्मेदारी तय करने और गांव में लगे ट्रांसफार्मरों व विद्युत तारों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। हालांकि सपोर्टिंग तार में करंट उतरने की वजह और हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था बाबी
बाबी तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके दो भाई और एक बहन हैं। अभी किसी की शादी नहीं हुई है। पिता रामदुलारे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घर के सबसे छोटे बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद हादसे की परिस्थितियां और स्पष्ट हो सकेंगी।

