fbpx
weatherचंदौली

Chandauli Weather : दिन में पारा ऊपर रात में नीचे, मौसम विभाग का पूर्वानुमान, जानिये कब तक ठंड व कोहरा से मिलेगी निजात

चंदौली। दिन में धूप खिलने से ठंड से थोड़ी राहत है। हालांकि रात में तापमान अभी भी सामान्य से नीचे है। वहीं घनघोर कोहरा का भी प्रकोप देखने को मिल रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक जनपदवासियों को जल्द ही ठंड से निजात मिलने की उम्मीद है। अगले 48 घंटों के दौरान पूर्वांचल में तापमान वृद्धि से ठंड की स्थिति में सुधार होने की संभावना है।

 

राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सतही हवाओं का रूख बदलकर दक्षिणी-पूर्वी हो जाने तथा कोहरे की परत लिफ्ट हो जाने के कारण विकिरणीय ऊष्मन बढ़ने से पिछले 24 घंटों के दौरान दिन का अधिकतम तापमान 3°C से अधिक के प्रभावी उछाल के साथ 19.9°C पर पहुंच गया। इसी क्रम में कोहरे में कमी के कारण रात्रि कालीन विकिरणीय शीतलन के कारण न्यूनतम तापमान 1°C से अधिक की गिरावट के साथ 7.1°C रिकॉर्ड किया गया। तापमान बढ़ने तथा बर्फीली उत्तरी-पश्चिमी हवाओं का स्थान आर्द्र एवं गर्म दक्षिणी-पूर्वी हवाओं द्वारा ले लिए जाने के कारण ठण्ड एवं गलन की स्थिति में सुधार देखने को मिला। इस पश्चिमी विक्षोभ के ऊष्णाग्र (वार्म फ्रंट) के प्रभाव से आगामी 48 घंटों तक तापमान में क्रमिक वृद्धि जारी रहने से शीतदिवस का प्रभाव पूर्णतया समाप्त हो जाने की सम्भावना है। इसके बाद इस पश्चिमी विक्षोभ के पूर्वी अग्रसरण के साथ ही इसके पश्च भाग में शीताग्र (कोल्ड फ्रंट) के प्रभाव से सतही स्तर पर पुनः ठंडी एवं शुष्क उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के प्रतिस्थापित हो जाने से 14 जनवरी के उपरान्त पुनः तापमान में गिरावट आने की सम्भावना है।

Back to top button
error: Content is protected !!