fbpx
चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

चंदौलीः धनबली के विद्यालय में सज रही राजनीति की पाठशाला, छात्राओं को बनाया जा रहा बीजेपी का सदस्य, जारी होगी नोटिस

चंदौली। कोई और दल होता तो हंगामा बरप गया होता। लेकिन मामला सत्ता पक्ष से जुड़ा है इसलिए कोई मुंह खोलने की जुर्रत नहीं कर पा रहा। दरअसल धनबली के नाम से मशहूर छत्रबली सिंह के वि़द्यालय में इन दिनों राजनीति की पाठशाला लग रही है। छात्राओं को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कराई जा रही है। मजेदार यह कि स्कूल के शिक्षक भी इस अभियान में सहयोग कर रहे हैं। भाजपा महिला मोर्चा नेता इस अभियान की सफलता को अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट कर प्रसन्न भी हो रही हैं।


कुछ महीने पहले बीजेपी के सैयदराजा विधायक ने नेशनल इंटर कालेज में छात्रों को बीजेपी का पट्टा पहना दिया था। इसपर खूब हो हल्ला मचा। प्रधानाध्यापक के खिलाफ जांच भी बैठा दी गई। बहरहाल मामला जैसे-तैसे मैनेज हो गया। अब विधान सभा चुनाव नजदीक देखकर सभी दलों के नेता अपने सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाने में जुट गए हैं। भाजपा महिला मोर्चा की नेता सबसे एक कदम और आगे निकलीं। पंचफेड़वा स्थित पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के कालेज में ही राजनीति की दुकान की लगा दी। पठन-पाठन एक तरफ छात्राओं से सदस्यता फार्म भरवाया जाने लगा। सदस्य बनीं छात्राओं के साथ फोटों भी खिंचवाई गई। चूंकि छत्रबली सिंह मुगलसराय विधान सभा से टिकट की दावेदारी भी कर रहे हैं इसलिए विद्यालय में इस तरह के राजनीतिक कार्यक्रम की अनुमति भी आसानी से मिल गई। बहरहाल इस घटना से पार्टी और विद्यालय की खूब किरकिरी हो रही है।

अपना नंबर बढ़वाने के चक्कर में कायदों का उल्लंघन कर रहे नेता
सदस्यता अभियान के जरिए बड़े नेताओं की नजर में अपना नंबर बढ़वाने के चक्कर में नेता कायदों को ताक पर रखकर काम कर रहे हैं। शिक्षा के मंदिरों में भी राजनीति का रंग घोला जा रहा है। बीजेपी महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष ने भी अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा के चलते ही राजनीति की सीमाएं लांघ डालीं।

किसी भी विद्यालय में इस तरह का कार्यक्रम नहीं होना चाहिए। यह सरासर गलत है। मामला संज्ञान में नहीं था। यदि ऐसा है तो विद्यालय को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक विजय प्रकाश सिंह

On The Spot

खबरों के लिए केवल पूर्वांचल टाइम्स, अफवाहों के लिए कोई भी। हम पुष्ट खबरों को आप तक पहुंचाने के लिए संकल्पिक हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!