
चंदौली। अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार के मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने दो मुख्य आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
थाना बलुआ में तैनात मुख्य आरक्षी अशोक कुमार राय से जुड़ा है। उनके खिलाफ पासपोर्ट पुलिस सत्यापन के नाम पर अवैध रूप से रिश्वत मांगने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया गंभीर पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच बैठा दी।
वहीं दूसरा मामला थाना अलीनगर में तैनात मुख्य आरक्षी रणजीत तिवारी का है। उन पर शराब के नशे में थाने के अन्य पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा। मामले की जांच के दौरान कराए गए मेडिकल परीक्षण में शराब सेवन की पुष्टि होने पर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता और अमर्यादित आचरण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की छवि खराब करने वाले कर्मियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप का माहौल है।

