
चंदौली। चंदौली जनपद के सकलडीहा क्षेत्र में अवैध क्लिनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को सघन छापेमारी अभियान चलाया। डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मनियारपुर (बभनपुरा) समेत कई इलाकों में जांच की। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई अवैध क्लिनिक संचालक शटर बंद कर फरार हो गए।
जांच टीम ने क्लिनिक संचालकों से पंजीकरण, चिकित्सकीय डिग्री, दवा लाइसेंस सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान सकलडीहा प्रभारी डॉ. बीके प्रसाद, डॉ. संजय यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में बिना मान्यता प्राप्त डिग्री के इलाज और प्रतिबंधित दवाओं के इस्तेमाल की शिकायतें भी सामने आई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय सिंह ने कहा कि शासन के निर्देश पर झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अवैध रूप से क्लिनिक संचालित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध क्लिनिक संचालकों में भय का माहौल है।

