
चंदौली। सकलडीहा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से लूट की घटना को अंजाम देने वाले शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटी गई 92 हजार रुपये रकम भी बरामद की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपित को कोतवाली लाकर पूछताछ करने के साथ ही पुलिस छानबीन में जुटी रही। एसपी आदित्य लांग्हे ने गिरफ्तारी के बाबत जानकारी दी।
सकलडीहा थाना के फुल्ली गांव निवासी सुनील कुमार पुत्र रामजतन प्रजापति अपने मित्र सेवालाल के साथ यूनियन बैंक पौनी से चार लाख रूपए निकालकर अपने ग्राहक सेवा केंद्र तुलसी आश्रम लोनार लेकर जा रहे थे। उसी समय विपरीत दिशा से बाइक से आ रहे तीन व्यक्तियों ने नागनपुर नहर के पास सुनील कुमार का पैसों वाला बैग छीन लिया। इसके बाद दो बाइक से और एक पैदल भाग गया। पूर्व में छिनैती की घटना को अंजाम देने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। वहीं दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया था। घटना में संलिप्त अभियुक्त दीपक यादव उर्फ बागी पुत्र स्व. भोला यादव निवासी नोनार, तुलसी आश्रम काफी दिनों से फरार चल रहा था।
पुलिस काफी दिनों से उसकी तलाश में जुटी थी। सर्विलांस की मदद से पुलिस व स्वाट टीम ने आरोपितों को घेरेबंदी कर धर-दबोचा। उसे गुरुवार की सुबह नोनार तुलसी आश्रम स्थित अम्बेडकर मूर्ति के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसने पुलिस को बताया कि मैं रुपये अपने साथ लेकर दिल्ली चला गया और इधर उधर घूमता रहा। बताया कि कल रात मै अपने घर आया था और आज पुनः ट्रेन पकड़ने के फिराक में था कि आप लोगो ने पक़ड़ लिया। मैने अपने हिस्से के पैसे से कपडा व अन्य समान की खरीदारी की। पुलिस लाइन में एसपी के साथ एएसपी विनय कुमार सिंह और सीओ रघुराज मौजूद रहे।