
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 में शुक्रवार को एक 18 वर्षीय छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक छात्र ने हाल ही में हाईस्कूल की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी और पढ़ाई के साथ-साथ लाइब्रेरी भी संचालित करता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
वार्ड नंबर-3 स्थित जियो ऑफिस के पास रहने वाले दीपक उर्फ कुलदीप कुमार चौहान ने अपने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। दीपक परिवार का इकलौता बेटा और सबसे छोटा सदस्य था। उसकी तीन बहनें हैं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
परिजनों ने बताया कि दीपक के पिता दिनेश कुमार चौहान एक पेट्रोल पंप पर काम करते हैं। शुक्रवार दोपहर वह भोजन करने के लिए घर पहुंचे, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। उन्होंने कई बार आवाज लगाई और लगभग 20 मिनट तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद अनहोनी की आशंका होने पर आसपास के लोगों को बुलाया गया। लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। कमरे में दीपक का शव फंदे से लटका हुआ था।
घटना के समय मृतक की मां एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए मिर्जापुर गई हुई थीं। सूचना मिलने के बाद वह तुरंत घर के लिए रवाना हुईं। वहीं घटना की सूचना पर डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम के साथ पहुंचे घनश्याम शुक्ला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

